गोवा में खाने-पीने की 6 बढ़िया जगहें

गोवा में खाने-पीने की 6 बढ़िया जगहें

गोवा घूमने के लिए शानदार जगह है। ख़ूबसूरत समुद्री किनारे, चमकता सूरज और हरियाली का मेल इसे खास बनाता है। ऐसी जगह पर्यटकों को खाने-पीने की बढ़िया जगहों की भी तलाश रहती है। इंटरनेट पर तलाश करें तो गोवा में बढ़िया रेस्टोरेंट्स की न जाने कितनी लिस्ट मिल जाएंगी। मैं हाल ही में गोवा के सफ़र से वापस आया हूं। इस लेख में मैं खाने-पीने की उन जगहों के बारे में बता रहा हूं जहां का खाना मुझे बढ़िया लगा। 

इस सफ़र में मेरा रुकना हुआ नॉर्थ गोवा के कलंगुट और बागा बीच के पास। यह इलाका पर्यटकों का पसंदीदा है इसलिए यहां खाने-पीने के रेस्टोरेंट की कोई कमी नहीं है। तो शुरूआत यहीं से करते हैं.

1- दी बागा डेक ( De Baga Deck) –

यह रेस्टोरेंट कलंगुट से बागा बीच जाने वाली सड़क पर है। मेरे रुकने की जगह इसके पास ही थी इसलिए सुबह नाश्ता यहीं होता था। यहां आपको वेजिटेरियन और नॉन वेजिटेरियन दोनों तरह का खाना मिल जाएगा। यहां मैंने कई तरह का खाना खाया और सभी का स्वाद मुझे बढ़िया लगा। खास तौर से सुबह के नाश्ते में बने परांठे खासा पसंद आए। इसके अलावा यहां का पिज़्‍ज़ा और सैंडविच भी बढ़िया लगे।

बागा डेक की खासियत है कि यह चौबीसों घंटे खुला रहता है। मतलब आपको जब भी खाना खाने का मन करे आप यहां जा सकते हैं। इसके साथ ही आप यहां ड्रिंक्स का मजा भी ले सकते हैं। कलंगुट से बागा बीच जाने वाली सड़क आपके बायीं तरफ यह रेस्टोरेंट आसानी से दिखाई दे जाएगा। यह रेस्टोरेंट Church Of Our Lady Of Piety से कुछ ही आगे है।

2- बोंगो शैक ( Bongo Shack) – 

गोवा जाएं और समुद्री किनारों पर बने शैक में खाना खाने न जाएं ऐसा तो हो नहीं सकता है। गोवा के लोकप्रिय समुद्री किनारों पर बड़ी संख्या में शैक बने हैं। मैंने अपना काफी समय कलंगुट बीच पर बने बोंगो शैक पर बिताया। बोंगो शैक कलंगुट और बागा दोनों के लगभग बीच में है। यहां का खाना मुझे बढ़िया लगा। यहां काम करने वाला स्टॉफ भी काफी बढ़िया है।

बोंगो शैक

आप मनचाहा खाना खाने के साथ ही यहां तरह-तरह के ड्रिंक्स का मजा यहां ले सकते हैं। दिन में आप समुद्री के लहरों को देखते हुए यहां समय बिता सकते हैं वहीं रात को उन्ही समुद्री किनारों पर रात के खाने के लिए टेबल लगा दी जाती है। मोमबत्तियों की रोशनी से सजी से टेबल रात को बेहद ख़ूबसूरत लगती हैं। यह शैक बागा डेक रेस्टोरेंट से ज़्यादा दूर नहीं है और बागा डेक के साथ लगे कलंगुट बीच तरफ जाने वाले रास्ते पर चलकर आप कुछ ही मिनट में यहां पहुंच सकते हैं। 

3- ईवा कैफे (Eva cafe)-

गोवा के लोकप्रिय अंजुना समुद्री तट पर बना है प्यारा सा ईवा कैफे। सफेद रंग के बने इस कैफे को देखकर आपको ग्रीस की  तस्वीर याद आ जाएगी। यह शाम के समय डूबते सूरज का नज़ारा लेने के लिए बेहतरीन जगह है। हालांकि ज़रूरी नहीं आप डूबते सूरज को देखने के लिए इस कैफे में आएं, सूरज के इस नज़ारे का मजा को आप अंजुना पर खड़े होकर भी उठा सकते हैं। लेकिन अगर अच्छे खाने के साथ नज़ारे का मजा लेना चाहते हैं तो ईवा कैफे आ सकते हैं। यहां आपके कई तरह के सैंडविच, पास्ता और कई तरह के सी-फूड मिल जाएंगे। यहां आएं तो सैंडविच के साथ मसाला चाय का मज़ा ज़रूर लें। मेन्यू पर नज़र डालने से यह थोड़ा मंहगा लगेगा लेकिन यहां का स्वाद और क्वांटिटी आपको उसका अहसास नहीं होने देगी। 

4- सेंट एंथोनी (St. Anthony)-

बागा बीच पर खाने की सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है सेंट एथनी। यह रेस्टोरेंट बागा बीच पर घुसने के मुख्य रास्ते के साथ ही बना है। कभी यह एक शैक हुआ करता था पर समय के साथ इसने शानदार रेस्टोरेंट का रूप ले लिया है। सेंट एंथनी पर मैंने कुछ साल पहले भी खाना खाया था और इस बार यहां नॉर्थ इंडियन खाने का मजा लिया। खाने का स्वाद बढ़िया है और इसकी लोकेशन भी शानदार है। बागा बीच के समुद्री किनारे को देखते हुए यहां समय बिताया जा सकता है।

5- Confeitaria 31 De Janeiro- 

इस बेकरी को 31 जनवरी 1931 को शुरू किया गया था। यह पणजी शहर के पुराने फोनेटेनीश (Fontainhas) इलाके में है। पर्यटक इस इलाके की पुराने रंग-बिरंगी और ऐतिहासिक इमारकों को देखने के लिए आते हैं। यहां घूमते हुए कुछ खाने का मन करे तो इन बेकरी में जा सकते हैं। यहां केक और पेस्ट्री के साथ ही गोवा की पारंपरिक मिठाइयां भी खाने को मिलेगी। मैंनें यहां गोवा की पारंपरिक मिठाई पेराद (Perad) खाई। इस मिठाई को अमरूद के रस से बनाया जाता है। गोवा की पारंपरिक बेबिनका और डोडोल जैसी मिठाईयों का स्वाद भी यहां लिया जा सकता है।

पेराद (Perad)

6- जोसेफ बार ( Joseph bar)- 

गोवा के खाने-पीने की बात हो और यहां की बार की बात न हो ऐसा नहीं हो सकता। फोनेटेनीश (Fontainhas)  इलाके में है यहां की बेहद लोकप्रिय जोसेफ बार ( Joseph bar)। पुरानी इमारत में बनी यह छोटी सी बार पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों में काफी लोकप्रिय है। यह बार के गोवा की पारंपरिक टैवर्न (शराबखाना) की याद दिलाती है। यहां जाएं तो गोवा की स्थानीय शराब फेनी का मजा ज़रूर लें। मैं जब यहां पहुंचा तो बार पूरी तरह भरी थी इसलिए यहां बैठ नहीं पाया लेकिन इसके बारे में मुझे गोवा में रहने वाले दोस्तों ने बताया कि अगर गोवा में बार का मजा लेना चाहते हैं तो एक बार यहां ज़रूर आएं। 

गोवा दुनिया भर के पर्यटकों की पसंदीदा जगह है। यही वजह है कि आपको पूरी दुनिया का खाना यहां मिल सकता है। तो आप अगर गोवा आ रहे हैं तो मेरी बताई जगहों पर जा सकते हैं। अगर आप गोवा के सफर में किसी दूसरी बढ़िया जगह पर गए हैं तो कमेंट सेंक्शन में उसके बारे में बताएं। मैं अगली बार उन जगहों पर जाना चाहूंगा। 

©️duniadekho.in

2 thoughts on “गोवा में खाने-पीने की 6 बढ़िया जगहें

Leave a Reply

Your email address will not be published.