त्रिपुरारी पूर्णिमा- गोवा का नाव उत्सव ( Boat Festival)

त्रिपुरारी पूर्णिमा- गोवा का नाव उत्सव ( Boat Festival)

उत्सव- गोवा नाव उत्सव ( Goa Boat Festival), विठ्ठलपुर गांव, गोवा
Date- 14 November 2016

अपने मस्त-मौला अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले गोवा में त्रिपुरारी पूर्णिमा को भी खास अंदाज में मनाया जाता है। यही वजह है कि त्रिपुरारी पूर्णिमा के दिन गोवा में होने वाला नाव उत्सव धीरे-धीरे पर्यटकों के बीच अपनी पहचान बनाने लगा है। इस दिन गोवा के विठ्ठलपुर गांव में वलवंती नदी के किनारे इसका आयोजन किया जाता है। इस साल यह नाव उत्सव 14 नवबंर को मनाया जाएगा।

1627eacd-6f2a-4e3e-a6c7-a7ad6a06f322

समुद्र, नदियां और नावें गोवा के जनजीवन के साथ गहराई से जुड़े हैं। लोक जीवन या संस्कृति से जुड़े हर पहलू में यह जुडाव साफ दिखाई देता है। यही कारण है कि त्रिपुरारी पूर्णिमा के दिन नाव उत्सव मनाया जाता है। यह एक नाव बनाने की प्रतियोगिता होती है, जिसमें थर्मोकोल या कार्डबोर्ड से छोटे-छोटे खूबसूरत जहाज या नावें बनाई जाती हैं। बिल्कुल बडे जहाजों की तरह दिखाने देने वाले इन छोटे जहाजों को बड़ी मेहनत से तैयार किया जाता है। जहाजों को रंगबिरंगों कागजों से सजाया जाता है। आजकल इन जहाजों पर रोशनी का इंतजाम भी किया जाता है। रोशनी से जगमगाते रंगबिरंगे जहाज अनोखा समा बांध देते हैं। पूरे गोवा से लोग इस नाव प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जुटते हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले लोगों की संख्या 1000 तक पहुंच जाती है। आखिर में सबसे खूबसूरत नाव को पुरूस्कार भी दिए जाते हैं।

7cbd07a5-aa47-4e28-94dd-8aa8da9937e9

उत्सव की शुरूआत शाम के समय भगवान कृष्ण की डोली को गाजे-बाजे के साथ नदी के किनारे लाए जाने से होती है। प्रतियोगिता के खत्म होने तक भगवान की डोली वहीं रहती है। इस दौरान पारम्परिक नाच गाने का दौर चलता है। उसके बाद नदी में जलते दीए प्रवाहित किए जाते हैं। पूरी नदी दीओं से जगमगाती है उस बीच जोर शोर के साथ नावें नदी के पानी में उतारी जाती हैं। नदी में उतरी रंगबिंरगी नावें बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं। धीरे – धीरे यह उत्सव इतना लोकप्रिय हो गया है कि इसे देखने बड़ी संख्या में पर्यटक भी जुटने लगे हैं। गोवा पर्यटन विभाग की तरफ से इस यात्रा को दिखाने के लिए विशेष टूर आयोजित किए जाते हैं।

0c93d9f9-a1bc-41a2-bfe1-3594155d0425

गोवा की स्थानीय संस्कृति की अनूठी झलक इस उत्सव के दौरान देखने को मिलती है। नाव प्रतियोगिता के साथ तरह के पारम्परिक संगीत और नृत्यों का प्रदर्शन होता है। पूरे विठ्ठलपुर गांव को रंगबिरंगी रोशनियों से सजाया जाता है। देर रात को आतिशबाजी का कार्यक्रम भी होता है ।
हिन्दु मान्यता के अनुसार त्रिपुरारी पूर्णिमा या कार्तिक पूर्णिमा को बेहद पवित्र माना जाता है। इस दिन देश भर में मेलों और उत्सवों का आयोजन होता है। माना जाता है कि इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था।

तो अगर आप गोवा की अनूठी और मस्त मौला जिंदगी की एक झलक देखना चाहते हैं, वहां के स्थानीय जन-जीवन से रूबरू होना चाहते हैं तो एक बार गोवा के नाव उत्सव में जरूर शामिल हों।

ज्यादा जानकारी के लिए गोवा पर्यटन विभाग की वेबसाइट देख सकते हैं।

Picture courtesy – Goa Tourism

3 thoughts on “त्रिपुरारी पूर्णिमा- गोवा का नाव उत्सव ( Boat Festival)

  1. नई जानकारी। कागज़ की ये नौकाएँ निसंदेह बेहद खूबसूरत हैं। क्या आप हाल फिलहाल में वहाँ गए थे?

    1. नहीं अभी तो ये 14 नवंबर को होगा. जानकारी मिली तो साझा की .. अपने ब्लाग पर ट्रेवल जगत से जुडी खबरों का एक हिस्सा शुरू किया है..

Leave a Reply

Your email address will not be published.